02-Jul-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

मध्य प्रदेश के 28 जांबाज पुलिसकर्मी आउट ऑफ टर्न प्रमोशन से हुए सम्मानित

Previous
Next

भारत मां के इन सपूतों ने शौर्य, पराक्रम एवं पुरुषार्थ से अपने जीवन को सार्थक किया : मुख्यमंत्री

भोपाल, 29 जून 2024  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 जून शनिवार को  बालाघाट के पुलिस लाइन स्थित मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में हाॅकफोर्स के 26 और जिला बल के 2 जवानों और पुलिस अधिकारियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें से 25 जवान व अधिकारी 1 अप्रैल 24 को लांजी के पितकोना केरझिरी के जंगल क्षेत्र में हुई नक्सली मुठभेड़ में शामिल रहे। वहीं इस मुठभेड़ के अतिरिक्त बोरवन-सिरका बालाघाट, जामसेहरा बालाघाट और मंडला के लालपुर में हुई पुलिस व नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सफलता पाने वाले जिला बल के दो जवानों व हाॅकफोर्स के एक जवान को भी क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान की गई। हॉक फोर्स के पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों को मुख्यमंत्री बैच लगाकर आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देते हुए पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों क्रम से पूर्व पदोन्नति मिलना एक अविस्मरणीय पल है।  
           
इस अवसर पर कार्यक्रम में बालाघाट की सांसद श्रीमती भारती पारधी, मप्र शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री गौरीशंकर बिसेन, बालाघाट की नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर, एडीजी इंटेलिजेंस जयदीप प्रसाद, बालाघाट जोन के आईजी संजय कुमार, आईजी लॉ एंड ऑर्डर अंशुमान सिंह, बालाघाट रेंज के डीआईजी मुकेश कुमार श्रीवास्तव, बालाघाट के कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी गिरीश कुमार मिश्रा, बालाघाट के एसपी समीर सौरभ व हॉकफोर्स के कमांडेंट मोती उर रहमान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। 
मध्य प्रदेश पुलिस ने नक्सलियों को उखाड़ने का कार्य किया : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि धान के कटोरे बालाघाट को प्रकृति ने विशेष वरदान दिया है। वन संपदा, भूगर्भ संपदा, एक अलौकिक दैवीय वातावरण, जो एक व्यक्ति का सपना होता है और ऐसी अद्भुत स्वर्ग जैसी जगह को उन दुश्मनों की नजर लगी है, जिन्हें नक्सली कहा जाता है। म.प्र. पुलिस ने अपनी सक्रियता के बलबूते पर इस जहर के बीज को उखाड़ फेंकने का कार्य किया है। यह अपने आप में बड़ी भूमिका है । उन्होंने कहा कि अकेले बालाघाट जोन में हमारी फोर्स ने पिछले 5 साल में 03 करोड़ 05 लाख के इनामी 19 नक्सलियों को मार गिराकर अपने शौर्य व पराक्रम को पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भटके हुए नक्सलवादी यदि आत्मसमर्पण करते हैं तो हमारी सरकार उन्हें सरकारी नौकरी, प्रोत्साहन राशि, गृह निर्माण एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उनका जीवन बदलने का काम कर रही है। हॉकफोर्स व पुलिस के जवानों के सामुदायिक विकास के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की किसी भी समस्या के लिए मध्यप्रदेश सरकार सदैव तत्पर रहेगी।
ये जवान हुए आउट ऑफ टर्न प्रमोशन से सम्मानित
मुख्यमंत्री डॉ.माेहन यादव के हाथों आउट ऑफ टर्न प्रमोशन से सम्मानित होने वालों में हॉकफोर्स के उप निरीक्षक अजीत सिंह को निरीक्षक पद पर, सहायक उप निरीक्षक नागेन्द्र प्रसाद तिवारी को उप निरीक्षक पद पर, उप निरीक्षक गोकुल सिंह मरावी को निरीक्षक, प्रधान आरक्षक सतीश कुमार को सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक आशाराम उईके को सहायक उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक बैशाखू लाल को उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक ब्रजेश सिंह कुशवाह को सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक राकेश मर्सकोले को सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक महिपाल चंदेला को सहायक उपनिरीक्षक, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रमाकांत शर्मा को प्रधान आरक्षक, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक महादेव सिंह रघुवंशी को प्रधान आरक्षक, आरक्षक मत्ते सिंह को प्रधान आरक्षक, आरक्षक टीकाराम लिल्हारे को प्रधान आरक्षक, आरक्षक विनय कुमार उपाध्याय को प्रधान आरक्षक, आरक्षक उज्जवल घोरमारे को प्रधान आरक्षक, आरक्षक मनोज सिंह यादव को प्रधान आरक्षक, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव को प्रधान आरक्षक, आरक्षक देवेन्द्र धुर्वे को प्रधान आरक्षक, आरक्षक धर्मेन्द्र को प्रधान आरक्षक, आरक्षक कमलेश धुर्वे को प्रधान आरक्षक, आरक्षक अलकेश सलामे को प्रधान आरक्षक, आरक्षक रवेन्द्र कुशवाह को प्रधान आरक्षक, आरक्षक दिलीप कुमार धामडे को प्रधान आरक्षक,  आरक्षक तेजपाल सिंह को प्रधान आरक्षक, आरक्षक संत कुमार धुर्वे को प्रधान आरक्षक और आरक्षक पंकज कुमार को प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। इसी प्रकार जिला बल के आरक्षक दीपक डोहरे को प्रधान आरक्षक और आरक्षक प्रशांत चौधरी को प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान की गई।
दो हार्डकोर नक्सलियों को पुलिस ने मार गिराया था
उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल 2024 को थाना लांजी अंतर्गत पितकोना-केरझिरी के जंगल में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सक्रिय सदस्यों के मध्य मुठभेड़ में 2 हार्डकोर माओवादियों को मार गिराने में बालाघाट पुलिस को सफलता प्राप्त हुई थी। इस मुठभेड़ में कान्हा भोरमदेव डिवीजन के भोरमदेव एरिया कमेटी की डिवीजनल कमेटी सदस्य साजंती उर्फ क्रांति पति सुरेन्दर नि. ग्राम रेगाड़म जिला सुकमा (छ0ग0) एवं मलाजखंड एरिया कमेटी सदस्य रघु उर्फ शेरसिंह उर्फ सोमजी पन्द्रे नि. दड़ेकसा चौकी डाबरी थाना लांजी जिला बालाघाट म.प्र. को मार गिराने में सफलता प्राप्त हुई। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र राज्यों द्वारा साजन्ती पर 29 लाख रुपए और रघु पर 14 लाख रुपए का इनाम यानी दोनों पर संयुक्त रूप से कुल 43 लाख रूपये का इनाम घोषित किया गया था। इन दोनों नक्सलियों के पास से हॉकफोर्स के जवानों ने एके- 47 रायफल, एक 12 बोर रायफल, नक्सल साहित्य एवं दैनिक उपयोग की सामग्री पुलिस द्वारा बरामद की थी।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:27556727

Todays Visiter:2514