16-Jun-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

एमपी के मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव एवं पूर्व मुख्‍यमंत्री शिवराज यूपी एवं झारखंड में कर रहे चुनाव प्रचार

Previous
Next
कांग्रेस की गलतियों के कारण देश के चारों तरफ की सीमाएं असुरक्षित थीं, लेकिन अब दुश्मन डरता है - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
महाराजगंज, कुशीनगर, जौनपुर (उत्तरप्रदेश)  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तरप्रदेश की महाराजगंज लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पंकज चौधरी के समर्थन में नौतनवां, कुशीनगर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्री विजय कुमार दुबे के समर्थन में रामकोला, जौनपुर लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह के समर्थन में जौनपुर में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश, प्रदेशों में जो विकास हुआ है वह तो बाजार में नजर आ रहा है और जो भ्रष्टाचारी, गुंडे, बदमाश थे वे जेल में दिख रहे हैं। यह 21वीं सदी का भारत है और यहां पर लोकतंत्र है। किसी की भी तानाशाही नहीं चलेगी। देश की आजादी के बाद से कांग्रेस ने लगातार सनातन धर्म की जड़ों को काटने का प्रयास किया है। कांग्रेस 70 सालों तक भगवान श्रीराम पर ही प्रश्नचिन्ह लगाती रही, उनके होने का प्रमाण मांगती रही। कांग्रेस की गलतियों के कारण देश की चारों तरफ की सीमाएं असुरक्षित थीं, लेकिन अब दुश्मन डरता है। देश के दुश्मनों को नेस्तनाबूद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का होना बेहद जरूरी है। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बिहार के गया पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।
20-25 परिवार ने ही कर रखा था पदों पर कब्जा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूरे देश में 20-25 परिवार ऐसे हैं, जिन्होंने ही सारे पदों पर कब्जा कर रखा था। किसी दूसरे को अवसर नहीं मिलता है। यह लोकतंत्र पर एक तरह से कलंक है, इसका निपटारा होना जरूरी है। एक तरफ भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर काम करती है। एक गरीब परिवार का चाय बेचने वाला बेटा भाजपा में प्रधानमंत्री बनता है, एक गरीब, मजदूर परिवार का बेटा मुख्यमंत्री बनता है, कोई गरीब मंत्री, सांसद, विधायक बनता है। लोकतंत्र का गौरव ऐसा होना चाहिए।
कांग्रेस की गलतियों के कारण चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की गलतियों के कारण चीन ने भारत की एक लाख किलोमीटर से ज्यादा जमीन पर कब्जा जमाया। यह कलंक लंबे समय से हमारे देश के माथे पर है। कांग्रेस के शासनकाल में देश के चारों तरफ की सीमाएं असुरक्षित थीं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि पहले कभी भी देश में टिफिन बम, साइकिल बम फट जाते थे। लोग घरों से निकलने में डरते थे, लेकिन अब देश से आतंकवाद का नामोनिशान मिट गया है। देश के दुश्मनों को नेस्तनाबूद करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी का होना बेहद जरूरी है।
जेएमएम ने झारखंड को घोटालाखंड बना दिया
CONG, JMM, RJD तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ा है - शिवराज सिंह चौहान
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को झारखंड की तीन सोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार किया। चौहान ने धनबाद लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। गोड्डा लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार निशिकांत दुबे के समर्थन में रोड-शो कर चुनावी सभा को संबोधित किया। वहीं रांची लोकसभा से प्रत्याशी संजय सेठ के समर्थन में आयोजित युवा सम्मेलन में सहभागिता कर युवाओं से संवाद किया। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि, मैं मुख्य अतिथि नहीं हूं, मामा हूं, मैं आपके परिवार का सदस्य हूं। झारखंड की इस पवित्र धरती को प्रणाम करता हूं। ये वो धरती है जिसने भगवान बिरसा मुंडा को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि, मैं श्रृध्देय अटल जी को भी प्रणाम करता हूं, जिन्होंने झारखंड राज्य बनाने का काम किया था। अटल जी ने झारखंड बनाया है और मोदी जी ने झारखंड को संवारा है। मोदी जी दिल्ली से जनता की भलाई के लिए पैसा भेजते हैं लेकिन ये जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी, इंडी गठबंधन वाले उस पैसे से नोटों के पहाड़ खड़े कर देते हैं। इन्होंने झारखंड को घोटालाखंड बना दिया है।
तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, ये कांग्रेस, झामुमो और आरजेडी तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ा है। इन्होंने खुलेआम झारखंड को लूटा है। विधायक लूट रहा है, मंत्री लूट रहा है, सांसद लूट रहा है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तो जेल चले गए। उन्होंने खुद ही जमीन की एप्लीकेशन दी, और खुद के हस्ताक्षर कर जमीन खुद के ही नाम करने के लिए कहा। हेमंत सोरेन ने सेना की जमीन हड़पने का पाप और अपराध किया है। कांग्रेस के जमाने में भी झारखंड को लूटते रहे। इस अमीर धरती के लोगों को गरीब बनाने का काम तीनों पार्टियों ने किया है। ये एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं, चोर-चोर मौसेरे भाई हैं। इन्होंने कोयला लूटा, रेत लूटी, पत्थर लूटा, यहाँ तक की पहाड़ के पहाड़ ही खोद कर बेच दिए। पूर्व सीएम ने कहा कि, आज मैंनें रांची में उतरकर अखबार देखा तो मैं हैरान था, अखबारों के फ्रंट पेज पर सूची छपी हुई है कि, किसने कितना कमीशन यहाँ के मंत्री आलमगीर को दिया है। 
कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, राम हमारे आराध्य है, राम हमारे अस्तित्व है, राम हमारे रोम-रोम में रमे हैं, राम हमारी सांसो में बसे हैं, राम के बिना ये भारत नहीं जाना जा सकता है। आयोध्या में दिव्य और भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ, रामलला विराजमान हुए, बहनें घरों में दीप जला रही थी, युवा भगवा पताकाएं लहरा रहे थे, हर कोई भगवान राम के दर्शन के लिए आतुर था, पूरा देश खुशियां मना रहा था, लेकिन एक पार्टी मायूस थी, वो कांग्रेस पार्टी थी। निमंत्रण कांग्रेस को भी दिया गया था लेकिन उन्होंने लिखित में कहा कि, मुहूर्त खराब है हम नहीं जाएंगे। मुहूर्त तो कांग्रेस का खराब है। यहां तक की आयोध्या का अंसारी परिवार जिसने कोर्ट में बाबरी मस्जिद का केस लड़ा उन्होंने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और प्राण-प्रतिष्ठा में भाग लिया लेकिन कांग्रेस नहीं गई। विनाशकाले विपरित बुध्दि, कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई है। अब जब तक ये सूरज-चांद और धरती रहेगी, लिखा रहेगा कि, कांग्रेस ने प्रभु श्रीराम का विरोध किया था। इनके गलत फैसलों के कारण ही आज कांग्रेस गर्त में जा रही है। 
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:27308812

Todays Visiter:3440