04-May-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

महाकाल में भस्‍म आरती के दौरान हादसा, गर्भगृह में लगी आग, 14 घायल, मजिस्ट्रियल जांच होगी

Previous
Next
उज्‍जैन, ज्‍योर्तिलिंग उज्‍जैन में होली के दिन भस्‍म आरती में आग लगने से हादसा हो गया। इसमें 14 लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर मंदिर के गर्भगृह में आग लगने से 14 लोग झुलस गए जिनमें पुजारी और ‘सेवक’ (सहायक) शामिल हैं। मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिये गये है। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने सभी कार्यक्रम निरस्‍त कर घायलोंं से मिलने पहुंचे। घायलों को 1- 1 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की गयी है। देश के राष्‍ट्रपति एवं प्रधानमंत्री ने घटना की जानकारी मिलने पर झुलस गये लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही भविष्‍य में इस तरह की घटना न हो इसका ध्‍यान रखने को मुख्‍यमंत्री को निर्देशित किया है।
होली के दिन महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान एक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मंदिर के गर्भगृह में आग लग गई। जिसके चलते दो पंडित सहित श्रद्धालु आग में झुलस गए। फिलहाल घायलों को एंबुलेंस की मदद से उज्जैन के जिला अस्पताल ले जाया गया है।  हालांकि बड़ा नुकसान होने से पहले समय रहते आग पर काबू पा लिया गया है। मंदिर में उस समय हजारों श्रद्धालु मौजूद थे। सभी महाकाल के साथ होली मना रहे थे। घायल सेवक ने बताया कि आरती कर रहे पुजारी संजीव पर पीछे से किसी ने गुलाल डाल दिया। गुलाल दीपक पर गिरा। संभवतः गुलाल में केमिकल होने की वजह से आग भड़क गई। रंग-गुलाल से गर्भगृह की चांदी की दीवार को बचाने के लिए वहां फ्लैक्स लगाए गए थे। इनमें भी आग फैल गई। कुछ लोगों ने अग्निशामकों की मदद से आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक गर्भगृह में मौजूद आरती कर रहे संजीव पुजारी, विकास, मनोज, सेवाधारी आनंद कमल जोशी समेत 14 लोग झुलस गए। 
जिला कलेक्टर नीरज कुमार सिंह का कहना है, "गर्भगृह में भस्म आरती के दौरान आग लग गई। घटना में 14 लोग घायल हैं...उनका इलाज चल रहा है। घटना के वक्त यहां होली का जश्न चल रहा था। हादसे में भस्मारती के मुख्य पुजारी संजय गुरु, विकास पुजारी, अंश पुरोहित, सेवक महेश शर्मा, चिंतामन गेहलोत, कमल जोशी, सत्यनारायण सोनी, रमेश, शुभम, विकास, मनोज शर्मा, सोनू राठौर, राजकुमार बैस, मंगल समेत 14 सेवक और पुजारी झुलस गए हैं। इनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। 
हादसे के समय मंदिर में था सीएम का बेटा 
हादसे में समय मंदिर में हजारों लोग मौजूद थे, जो बाबा महाकाल के साथ होली खेल रहे थे। मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बेटे वैभव यादव भी हादसे के समय मंदिर में ही थे। बाबा महाकाल की कृपा रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।  
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी घायलों को भरोसा दिलाया कि उनका बेहतर से बेहतर उपचार होगा। उन्होंने घटना की परिस्थितियों की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के भ्रमण के दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और जल संसाधन मंत्री तुलसी राम सिलावट सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव इसके बाद उज्जैन के लिए रवाना हुए। उज्जैन के महाकाल मंदिर में आग लगने की घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुई घटना बेहद दर्दनाक है। मैं घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार के मार्गदर्शन में स्थानीय प्रशासन घायलों को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संदेश में कहा, "उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में घायल (झुलसे) सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देख-रेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।"
इस बीच, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सैम्स)’ पहुंचे और महाकालेश्वर मंदिर में आग लगने की घटना में झुलस गये लोगों के हाल-चाल जाने। इस निजी अस्पताल में इस घटना में झुलसे आठ घायल भर्ती हैं। यादव ने संवाददाताओं को बताया, "मैं अस्पताल में झुलसे लोगों का हाल-चाल जान रहा था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फोन आया और उन्होंने झुलसे लोगों के हाल-चाल जाने। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी झुलसे लोगों की स्थिति के बारे में फोन पर जानकारी ली है।"
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को सूचित किया गया है कि झुलसे लोगों की हालत नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री ने बताया, "ये लोग 30 से 40 प्रतिशत के बीच झुलसे हैं। चिकित्सक उनका श्रेष्ठ उपचार कर रहे हैं।"
एक लाख रुपये देने की घोषणा की, घटना की होगी मजिस्ट्रियल जांच
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि बाबा महाकाल की कृपा से बड़ी दुर्घटना टली है, यह दुखद और पीड़ादायक घटना है। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज प्रात: आग लगने की घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।  घायलों के उपचार के लिए एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
उज्जैन कलेक्टर सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से की मुलाकात, मजिस्ट्रियल जांच के दिए निर्देश
श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन में सुबह हुई आगजनी में घायल पुजारी व अन्य को त्वरित रूप से जिला अस्पताल उज्जैन में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी हैं। कलेक्टर उज्जैन नीरज कुमार सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और अस्पताल प्रबंधन को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति सामान्य हैं। घायलों को बेहतर उपचार मिले यह सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया है कि स्थिति सामान्य हैं, श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूर्व की तरह दर्शन भी सुचारू रूप से जारी हैं।
उज्जैन कलेक्टर ने 3 दिन में जाँच रिपोर्ट देने के दिए निर्देश
उज्जैन कलेक्टर सिंह ने मंदिर में हुई आगजनी की घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मृणाल मीना और अपर कलेक्टर उज्जैन अनुकूल जैन द्वारा संपूर्ण घटना की जांच की जाएगी। कलेक्टर सिंह ने 3 दिन में जांच समिति को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज CM हाउस में होने वाले होली मिलन समारोह को स्थगित कर दिया। वे घायलों से मुलाकात के लिए भोपाल से इंदौर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने उज्जैन आकर घायलों का हाल जाना। उज्जैन में घायलों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने सभी घायलों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति ने भी घटना की जानकारी ली है। प्रधानमंत्री ने मामले की जांच और आगे ऐसी घटना न हो, इसके इंतजाम करने को कहा है।
अरविंदो हास्पिटल इंदौर में घायलों से भेंट
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर पहुंचते ही श्री महाकाल मंदिर उज्जैन में आग लगने से हुए घायल 8 व्यक्तियों के स्वास्थय की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अरविंदो हास्पिटल इंदौर में उपचार के लिए आए घायलों से मुलाकात कर बातचीत की। घायलों को भरोसा दिलाया कि उनका बेहतर से बेहतर उपचार किया जाएगा। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मत्री कैलाश विजयवर्गीय और जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी सिलावट भी उपस्थित थे। 
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26691289

Todays Visiter:6694