18-May-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

मैं अंतिम सांस तक जनता की सेवा करता रहूंगा, मोदी ही भारत का भला कर सकते हैं - शिवराज सिंह

Previous
Next

भोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा समेत प्रदेशभर में लोकसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री ने राजगढ़ लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर के समर्थन में सेमलापुरा जोड़ और कुंभराज में सभाएं की और सागर से भाजपा की उम्मीदवार लता वानखेड़े के समर्थन में शमशाबाद और कुरवाई में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। साथ ही चौहान ने अपने लोकसभा क्षेत्र विदिशा में भी रोड-शो कर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि, दिलों के रिश्ते पदों से बंधे नहीं रहते हैं। जब तक जिउंगा तब तक जनता के कल्याण के लिए काम करता रहूंगा। मेरे लिए जनता की सेवा ही भगवान की पूजा है।

दिग्गी राजा ने आतंकियों का महिमामंडन किया

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजगढ़ में दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना ही उन पर निशाना साधते हुए कहा कि, यहां से जो लड़ रहे हैं, उन्होंने तो आतंकवादियों का महिमामंडन किया। हमारे सैनिकों, वीर जवानों ने भारत माता की रक्षा के लिए जिन आतंकवादियों को मारा उस पर ही सवाल उठा दिए। अब ऐसे व्यक्ति क्या संसद में बैठने लायक हैं..? अभी प्रियंका गांधी सड़कों की बात कर रहीं थी। जब मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे तो पता ही नहीं चलता था कि, सड़कों में गड्ढें हैं या गड्ढों में सड़क। पूरे प्रदेश का बंटाधार कर दिया था। उसे सुधारने में मुझे कई बरस लग गए। उन्होंने कहा कि, जिन्होंने मुख्यमंत्री रहते कुछ काम नहीं किया वो सांसद बनकर क्या काम करेंगे। वो कहते हैं न पूत के पाँव, पालने में दिखाई देते हैं, हमने तो पहले ही देख लिया है।  
कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, भगवान राम की जन्मभूमि आयोध्या में दिव्य और भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ और रामलला विराजमान हुए, पूरा देश आनंद उत्सव में डूबा हुआ था। बहनें घरों में दीपक जला रही थी, नौजवान भगवा पताकाएं लहरा रहे थे। आयोध्या का अंसारी परिवार, जिसने कोर्ट में बाबरी मस्जिद का केस लड़ा उन्होंने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा में पूरे अंसारी परिवार ने भाग लिया। निमंत्रण कांग्रेस को भी मिला था, लेकिन उन्होंने लिखित में ऑन रिकॉर्ड कहा कि, मुहूर्त खराब है हम नहीं जाएंगे। अंसारी परिवार तक प्राण-प्रतिष्ठा में चला गया लेकिन कांग्रेस नहीं गई। कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई है। अब जब तक ये सूरज-चांद और धरती रहेगी, लिखा रहेगा कि, कांग्रेस ने भगवान राम का विरोध किया था। इनके गलत फैसलों के कारण ही आज अच्छे विचारवान नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।  
शिवराजमय हुआ विदिशा
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विदिशा में आयोजित रोड-शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। चारों तरफ शिवराज के नारों की गूंज सुनाई दे रही थी। लोग शिवराज की एक झलक पाने और उनका स्वागत करने के लिए आतुर दिखाई दिए। बच्चे, बूढ़े और जवान सभी ने दिल खोलकर शिवराज का फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया। खासतौर पर भैया शिवराज की बहनें उत्साहित दिखाई दी। बहनों ने शिवराज सिंह को तिलक लगाया, उनकी आरती उतारी और चुनाव लड़ने के लिए उनके हाथों में पैसे रख दिए। बड़े-बुजुर्ग भी अपने बेटे शिवराज को आशीर्वाद देने घरों से निकलें और माथे पर हाथ फेर कर उन्हें बड़ी जीत के लिए आशीर्वाद दिया। यही नहीं रोड-शो जिस गली, जिस चौराहे से गुजर रहा था वहां लोगों का हुजुम शिवराज का भव्य स्वागत कर रहा था। पूरा विदिशा शहर शिवराजमय नज़र आ रहा था। पूर्व सीएम ने भी इस प्रेम, स्नेह और अपार समर्थथन के लिए जनता का शीश झुकाकर अभिवादन किया और कहा कि, जनता का ये प्यार ही मेरी शक्ति है। मैं अपनी अंतिम सांस तक जनता के कल्याण के लिए काम करता रहूंगा।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26882725

Todays Visiter:8960